चंपावत। भारत सरकार की ओर से जिले में पीएमजीएसवाई विभाग की 39 ग्रामीण सड़कों को सर्वे और डीपीआर के लिए स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलने के बाद सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सड़कें बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को सहूलियत मिलेगी।
चंपावत ब्लाॅक की 17 ग्रामीण सड़कें बकोड़ा, भंडार बोरा, बुड़म, गंगशीर, क्वारसिंग, कोट अमोड़ी से जौरका आदि शामिल हैं। इसमें 10 सड़कों के सर्वे कार्य पूरा हो गया है। सभी सड़कों की डीपीआर तैयार की जा रही है। अन्य सड़कों का सर्वे और डीपीआर का कार्य जारी है। पाटी ब्लाॅक की 11 सड़कें, बाराकोट की सात सड़कें और चार सड़कों को स्वीकृति मिली है।
इससे जिले के एक लाख से अधिक लोगों को सड़क सुविधा मिलने से लाभ मिलेगा। लंबे समय से सड़क की स्वीकृति का प्रस्ताव भारत सरकार में लंबित था। पीएमजीएसआई के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज ने बताया कि 39 सड़कों को भारत सरकार से सर्वे और डीपीआर के लिए स्वीकृति मिल गई है। सभी सड़कों का नवंबर तक सर्वे और डीपीआर तैयार करने का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद अन्य प्रक्रिया की जाएगी।