लोहाघाट विकासखंड के बिल्दे में शीघ्र ही पुलहिंडोला मिनी ट्यूबवेल से स्टैंड पोस्ट लगेगा। ग्रामीणों द्वारा मंगलवार को प्रदर्शन करने के बाद हरकत में आए जल निगम के अधिकारियों ने गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों की मांग पर पंचायतघर के पास स्टैंड पोस्ट लगाने की सहमति दी। इससे यहां के 18 परिवारों को गाड़-गधेरों से पानी ढोने की समस्या से निजात मिलेगी।
देवकी नंदन जोशी, बीडीसी सदस्य संजय पांडेय, सतीश चंद्र, रमेश चंद्र, मनेाज कुमार, बसंत बल्लभ, गीता देवी, दुर्गा देवी, खीमा देवी, तुलसी, देवकी देवी, भुवनेश्वरी, मंजू देवी आदि ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि कार्यदाई संस्था ने बिल्दे के पंचायतघर के पास प्रस्तावित स्थान में स्टैंडपोस्ट न लगाकर एक व्यक्ति के यहां लगा दिया था। चयनित स्थान में स्टैंड पोस्ट लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन भी किया।
मामले का संज्ञान लेकर बुधवार को जल निगम के अधीक्षण अभियंता एलएम कर्नाटक, अधिशासी अभियंता एचसी भारती, सहायक अभियंता आरके गुप्ता और जेई महेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से वार्ता की। ईई का कहना था कि बिल्दे में जिस स्थान पर ग्रामीण स्टैंड पोस्ट की मांग कर रहे थे, वह जगह आगणन में नहीं था। उनका कहना है कि लोगों की दिक्कतों को देखते हुए योजना से ग्रामीणों की मांग पर स्टैंड पोस्ट लगा दिया जाएगा। जिसमें पाइपों की व्यवस्था ग्रामीण स्वयं करेंगे। बाद में एसई ने निर्माणाधीन मिनी ट्यूबवेल की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर जोर दिया। बताया गया कि 1.27 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत योजना में से फिलहाल 60 लाख रुपये अवमुक्त हुए हैं।