चंपावत। जन समस्याओं के प्रभावी रूप से निस्तारण के लिए चंपावत जिले में डेढ़ साल के अंतराल में तहसील दिवस का आयोजन एक बार फिर से शुरू हो गया है।
मंगलवार को डीएम विनीत तोमर की अध्यक्षता में चंपावत में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 19 लोगों ने विभिन्न शिकायतें दर्ज कराई।
डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जन समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का गहनता से परीक्षण करते हुए समस्याओं का प्रभावी तरीके से निराकरण करना सुनिश्चित करें।
तहसील दिवस में मकान में क्षति, वन पंचायत, आर्थिक सहायता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, भूमि बटवारे, रॉयल्टी, विद्युत, बीएडीपी के कार्य, अवैध खनन रोकने, राशन कार्ड, सड़क, पीएम आवास योजना में आवास चाहने, एएनएम व फार्मासिस्ट के अनैतिक व्यवहार आदि से संबंधित 19 शिकायतें पंजीकृत हुई।
जिनका निस्तारण ने शीघ्रता से करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। प्रमुख समस्याओं में वर्ष 2017-18 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राओं को गौरादेवी कन्याधन योजना का लाभ न मिलने के संबंध में था। जिस पर डीएम ने बताया कि शासन स्तर पर समस्या की जानकारी दे दी गई है।
इस मौके पर सीडीओ आरएस रावत, डीएफओ मयंक शेखर झा, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, डीडीओ एसके पंत, मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती, एआरटीओ रश्मि भट्ट, तहसीलदार ज्योति धपवाल, जिला श्रम अधिकारी मीनाक्षी भट्ट समेत अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।