टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। स्कूल बस की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार एक स्कूल की बस (यूके 05 पीए 0018) बच्चों को छोड़ने महाराणा प्रताप गेट पहुंची थी। इधर घर से साइकिल से सामान लेने दुकान जा रहा चंदनी निवासी धीरज उर्फ ध्रुव जोशी (14) पुत्र राज जोशी अचानक बस की चपेट में आ गया। बताया गया है कि बस और साइकिल एक ही दिशा की ओर चल रहे थे।
बनबसा के कार्यवाहक थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि घायल किशोर को टनकपुर अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। धीरज शहीद उत्तम चंद विद्यामंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। वह इन दिनों फगपुर में चल रही रामलीला में सीता का किरदार निभा रहा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद