चंपावत के पीएमश्री जीजीआईसी में कक्षा 10 की छात्राओं को पढ़ाते डीएम।
चंपावत। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान शिक्षक का पद लंबे समय से रिक्त है। पढ़ाई प्रभावित होने के कारण डीएम मनीष कुमार ने खुद कक्षा 10 की छात्राओं को विज्ञान पढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने 16 अक्तूबर से पढ़ाना शुरू किया है।
डीएम प्रतिदिन सुबह नौ से 9:40 बजे तक कक्षा में 52 छात्राओं को विज्ञान पढ़ा रहे हैं। वह पहले से पाठ की तैयारी कर कक्षा में पहुंचते हैं और विषय को समझाते हैं। छात्राएं भी उनसे सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर रही हैं। प्रधानाचार्य भुवनेश्वर नेगी ने बोर्ड परीक्षाओं से पहले डीएम की इस पहल को सराहनीय और प्रेरणास्रोत बताया। डीएम ने कहा कि उनका उद्देश्य छात्राओं की पढ़ाई बाधित होने से बचाना और उन्हें विज्ञान का ज्ञान सहज तरीके से देना है।
पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों ने निभाई शिक्षणेतर भूमिका
वर्ष 2020 में पिथौरागढ़ जिले में तत्कालीन गंगोलीहाट एसडीएम डॉ. सौरभ गहरवार ने अल्ट्रासाउंड की सुविधा के अभाव में गर्भवती महिलाओं की मदद के लिए अल्ट्रासाउंड किए थे। बाद में पिथौरागढ़ में सीडीओ रहते हुए भी उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों के साथ रेडियोलॉजिस्ट के रूप में सेवाएं दी थीं। उनके इस प्रयास की काफी सराहना हुई थी।