चंपावत में परिजनों के साथ मौजूद आंध्र प्रदेश का पूर्व सैनिक टी वैंकटरमन।
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन पूर्व जिले के पंचेश्वर में महाकाली नदी पार कर नेपाल से भारत में दाखिल होते पकड़े गए संदिग्ध की पहचान आंध्र प्रदेश निवासी पूर्व सैनिक टी वैंकटरमन के रूप में हुई है। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने आंध्र प्रदेश पुलिस से संदिग्ध की तस्दीक के बाद यह बात बताई।
टी वैंकटरमन को तीन दिन पूर्व एसएसबी ने हिरासत में लेकर पंचेश्वर कोतवाली को सौंपा दिया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूर्व सैनिक टी वैंकटरमन भटिंडा में अपने फौजी दामाद आई नागार्जुन के सरकारी क्वाटर में कुछ दिनों के लिए ठहरा था। बीते 20 जुलाई को बाजार में सामान खरीदने के दौरान वह भटक गया था, जिसकी भटिंडा पुलिस में गुमशुदगी दर्ज है। इस बीच वह ट्रेन और पैदल सफर करते हुए नेपाल पहुंच गया।
शनिवार को महाकाली नदी पार करते वक्त एसएसबी ने उसे हिरासत में लिया था। एसपी के निर्देश पर टी वैंकटरमन का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। सोमवार को पुलिस ने उसे आंध्र प्रदेश से आए परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मिलने की आस खो चुके परिजन इसे चमत्कार से कम नहीं मानते। उन्होंने एसएसबी और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।
आर्मी सप्लाई कोर से 1991 में हुए थे सेवानिवृत्त
तीन दिन पूर्व संदिग्धावस्था में पकड़े गए टी वैंकटरमन भाषाई दिक्कत के चलते अपनी बात को स्पष्ट नहीं कर सका था। वह केवल इतना बता पाया कि वह 1975 में आर्मी सप्लाई कोर में भर्ती हुआ और 1991 में जबलपुर से सेवानिवृत्त हुआ था। पुलिस जांच में उसका आंध्र प्रदेश में कोई भी आपराधिक इतिहास नहीं है।