पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का भले ही असामयिक निधन हो गया हो लेकिन लोगों के दिलों में उनकी दरियादिली, ईमानदारी और आत्मीयता की छवि लंबे अर्से तक जिंदा रहेगी। खेतीखान क्षेत्र के पारगोशनी निवासी देवेंद्र ओली उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य रहीं सुषमा स्वराज की दरियादिली के आज भी कायल हैं।
वह बताते हैं कि वर्ष 2005 में जब पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष थे, तब उस समय सुषमा स्वराज ने उनकी केवल एक गुजारिश में ही सांसद निधि से दस लाख रुपये की निधि जारी कर दरियादिली दिखाई थी।
उन्होंने बताया कि वह तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष कोश्यारी के लैटर पैड में सांसद निधि के लिए कार्यों का ब्योरा लेकर सुषमा स्वराज के सफदरगंज लेन स्थित सरकारी आवास में गए थे। सुषमा स्वराज उनसे बड़ी आत्मीयता से मिलीं और उन्होंने अपनी सांसद निधि से राजकीय बालिका इंटर कालेज में दो अतिरिक्त कक्षों के लिए पांच लाख रुपये, सरस्वती शिशु मंदिर खेतीखान में शौचालय निर्माण के लिए 50 हजार रुपये, सरस्वती विद्या मंदिर में शौचालय निर्माण के लिए 50 हजार रुपये, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कालेज चंपावत में कक्षा कक्ष निर्माण के लिए दो लाख रुपये तथा एक अन्य स्कूल में कक्षा कक्ष निर्माण के लिए दो लाख रुपये की मंजूरी प्रदान कर दी।
स्वराज ने चंपावत के दो युवकों की कराई थी वतन वापसी
चंपावत। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की मौत के बाद जहां पूरा देश शोक में डूबा है। वहीं उनके द्वारा देश के लिए किए गए कार्यों और उनके कुशल राजनीतिक जीवन में किए गए कार्यों को लोग याद कर रहे हैं। सुषमा स्वराज जब विदेश मंत्री थी तब उन्होंने विदेशों में फंसे चंपावत जिले के दो युवकों को एक ट्वीट करने पर दोनों की वतन वापसी कराई थी।
जिले के लधिया घाटी के नवीन सिंह भंडारी को जब मलयेशिया में चंपावत के एक युवक के फंसने की जानकारी मिली तो उन्होंने 29 जनवरी 2017 को तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट किया और जगत सिंह की वापसी की अपील की। जगत सिंह का वीजा समाप्त हो गया था और होटल मालिक जगत सिंह का उत्पीड़न कर रहा था। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट का तत्काल संज्ञान लेते हुए जगत सिंह की भारत वापसी का इंतजाम कराया।
वहीं टूरिस्ट वीजा पर मलयेशिया घूमने गए लधिया घाटी के युवक अशोक भट्ट को भी 17 जून 2017 को मलयेशिया पुलिस ने समय से वीजा न दिखाने के जुर्म में पकड़ लिया। नवीन भंडारी ने मलयेशिया स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने के बाद सुषमा स्वराज को मेल और ट्वीट भी किया। भारतीय दूतावास ने अशोक के सारे कागजात मंगाए और भारतीय दूतावास के अधिकारी राजीव अहीर ने नवीन से संपर्क कर पूरी मदद का भरोसा दिया जिसके फलस्वरूप अशोक 8 दिसंबर 2017 को सकुशल दिल्ली पहुंच गए।
सुषमा स्वराज के निधन पर विभिन्न संगठनों ने जताया शोक
चंपावत/लोहाघाट। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर विभिन्न संगठनों ने शोक जताया है। बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष गिरीश जोशी, रघुवर सिंह बोहरा, अंबादत्त फुलारा, पूर्व ब्लाक प्रमुख बहादु सिंह फर्त्याल, ग्राम प्रधान विनोद सिंह आदि ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बाराकोट में लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक जताया है। समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहां नगेंद्र कुमार जोशी, जगदीश सिंह अधिकारी, प्रदीप ढेक, राजू अधिकारी, देवेंद्र सिंह अधिकारी, प्रकाश सिंह अधिकारी, परमानंद जोशी, भवान सिंह, शेर सिंह, गुमान सिंह, चांद सिंह, प्रहलाद सिंह, भवान सिंह, नैन सिंह, गणेश सिंह, चंचल सिंह, प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहेे।
सुबह जब बोहनी अच्छी होती है, दिन अच्छा जाता है...
लोहाघाट (चंपावत)। मैं बनिये की बेटी हूं, सुबह जब बोहनी अच्छी होती है, दिन अच्छा जाता है। यहां की जनता का अपार समर्थन देखकर बहुत प्रफुल्लित हूं। ये शब्द 11 फरवरी 2002 को तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सुषमा स्वराज ने लोहाघाट रामलीला मैदान में हुई विधानसभा की चुनावी सभा में कहे थे। भारी भीड़ के बीच उन्होंने आकर्षक शैली में 45 मिनट तक भाषण दिया था।
मंगलवार रात को दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस लेने वाली पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को याद करते हुए भाजपा नेता केसी पुनेठा की आंखें नम हो गईं। उनका कहना है कि स्वराज से उनके निजी संबंध थे। वे राज्यसभा चुनाव में उनके एजेंट थे। सुषमा जी सिर्फ बेहद शानदार वक्ता ही नहीं थी बल्कि मिलनसार, सीधी-सरल और व्यवहार कुशलता की धनी भी थीं। जनसभा में पूर्व नगर पंचायत सभासद किरन पुनेठा ने कुमाऊंनी परिवेश पहन उनका तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्हें पिछौरा भी पहनाया। तभी उन्होंने गदगद हो मंच में मौजूद केसी पुनेठा की पत्नी विद्या पुनेठा को गले लगा लिया।
बस यादें बाकी:2002 के विधानसभा चुनाव के दौरान लोहाघाट में भाजपा प्रत्याशी केसी पुनेठा के लिए जनसभा ?- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत के खेतीखान जीजीआईसी में सुषमा स्वराज की सांसद निधि का लगा शिलापट।- फोटो : CHAMPAWAT
स्मृति शेष:2002 के विधानसभा चुनाव में जनसभा के लिए लोहाघाट पहुंचीं तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मं?- फोटो : CHAMPAWAT