धरसौं सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। इस दुकान में पिछले महीने मुआयने में अधिक स्टॉक सहित वितरण में कई तरह की गड़बड़ियां मिली थीं। नई व्यवस्था होने तक धरसौं के लोगों को राशन बिनवालगांव के सस्ता गल्ला विक्रेता के जरिए किया जाएगा।
पिछले महीने पाटी की एसडीएम निर्मला बिष्ट और पूर्ति निरीक्षक भरत राणा ने धरसौं के सस्ता गल्ला की दुकान का अलग-अलग औचक निरीक्षण किया था। मुआयने में धरसौं की दुकान का संचालन अक्सर श्रीरीठा साहिब गोदाम से करने, स्टॉक से अधिक चीनी, चावल और गेहूं मिलने, दस्तावेजों के रखखाव में खामियों सहित कई गड़बड़ियां मिली थीं। गोदाम सीज करने के साथ रिपोर्ट पूर्ति विभाग को भेजी गई। जिला पूर्ति अधिकारी श्याम लाल ने इन गड़बड़ियों के आधार पर दिनेश चंद्र भट्ट की सस्ता गल्ले की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया।
रविवार को पूर्ति निरीक्षक भरत राणा ने श्रीरीठा साहिब के सीज गोदाम को धरसौं के ग्राम प्रधान शेर नाथ, क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन वर्मा और ग्रामीणों की मौजूदगी में खोला। बिनवालगांव के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता कृष्ण चंद्र बिनवाल को जिम्मेदारी दी गई। इस माह श्रीरीठा साहिब के गोदाम से ही राशन बांटा जाएगा। जबकि सितंबर से राशन बिनवालगांव से बंटेगा। साथ ही धरसौं के लिए ग्रामसभा की खुली बैठक में सरकारी सस्ता गल्ले के नए लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।