टनकपुर (चंपावत)। एक युवक जहर खाकर कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आत्महत्या की वजह घरेलू विवाद बताया जा रहा है। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने आत्महत्या के लिए पत्नी और साली को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनोें को सौंप दिया। फिलहाल मामले में किसी की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
ज्ञानखेड़ा निवासी जगदीश नाथ (30) पुत्र भवानी नाथ बुधवार की सुबह घरेलू विवाद के चलते जहर खाकर कोतवाली पहुंचा। उसने जब पुलिस को जहर खाने की बात बताई तो कोतवाली में खलबली मच गई। पुलिस ने उसे फौरन संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक जगदीश ज्ञानखेड़ा की पूर्व प्रधान नीतू गोस्वामी का देवर है और उसका पत्नी से विवाद था। अक्सर मारपीट के कारण उसकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से टनकपुर बाजार आकर अपनी बहन के घर रह रही थी। बुधवार सुबह वह पत्नी को लेने साली के घर पहुंचा तो पत्नी ने आने से मना कर दिया। इसके बाद जगदीश आत्महत्या कर पत्नी और साली को फंसाने की धमकी देकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद पत्नी और साली पुलिस से शिकायत करने कोतवाली पहुंचे तो पीछे से जगदीश भी वहां आ गया और जहर खा लेने की जानकारी देकर खलबली मचा दी। कोतवाल ने बताया कि मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने मौत के लिए पत्नी और साली को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डॉ. आफताब अंसारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कर बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।