खाली पदों पर प्राध्यापकों की तैनाती समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर छात्रसंघ ने बुधवार से आंदोलन की राह पकड़ ली है। कॉलेज गेट पर अनिश्चितकालीन क्रमिक धरने पर बैठे छात्रों ने मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्र नेताओं ने कहा कि उनकी मांगों पर अमल होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कॉलेज गेट पर एकत्र हुए छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया और वहीं धरने पर बैठ गए। पहले दिन छात्रा उपाध्यक्ष कोमल टम्टा, उप सचिव राजकिशोर भंडारी, योगेश कुंवर, गजेंद्र बोहरा, किरन भंडारी, नीरज अधिकारी, फरहानाज, प्रमोद कोठारी, आकाश पाटनी, मयंक पंत, उमेश चंद, नितिन मंगला, छात्र संघ सचिव चर्चित शर्मा आदि धरने पर बैठे। छात्रसंघ ने बीएससी में गणित, बीए में शिक्षा के प्राध्यापकों के रिक्त पद भरने, पुस्तकालय अध्यक्ष की तैनाती करने, क्रीड़ा अधिकारी को बदलने और विश्वविद्यालय स्तर के कार्यों के लिए महाविद्यालय में कैंप कार्यालय खोलने या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग उठाई। इस दौरान नवीन कुमार, अर्जन अधिकारी, नरेंद्र महरा, गौरव बोहरा, शुभम पांडेय, रोहित जोशी, चंदा रावत, ऋतु बोहरा आदि मौजूद थे।