चंपावत। एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन एसएसबी स्वयंसेवक कल्याण समिति फिलहाल आंदोलन नहीं करेगा। संगठन ने यह निर्णय वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद लिया। नौकरी, पेंशन और मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर संगठन ने 20 दिसंबर बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन का एलान किया था। एसएसबी स्वयंसेवक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष ललित बगौली ने कहा कि सकारात्मक वार्ता के बाद संगठन ने आंदोलन नहीं करने का निर्णय लिया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को संबंधित विभागों के माध्यम से प्रशिक्षित गुरिल्ला स्वयंसेवकों को आजीविका से जोडऩे और उनके प्रशिक्षण का लाभ लेने के लिए कर्रवाई करने के निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में चंपावत के अलावा उत्तरकाशी, अल्मोड़ा जिले के स्वयंसेवकों के साथ ही संगठन केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी, ललित पंत, ललित मोहन गहतोड़ी, अमर राम, मोहन खर्कवाल भी जुड़े थे। संगठन प्रशिक्षण प्राप्त गुरिल्लों को नौकरी देने, सेवा की उम्र पार कर चुके गुरिल्लों को पेंशन और मृतक गुरिल्लों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की लंबे समय से मांग कर रहा है।