चंपावत। कोरोना महामारी के संक्रमण के दौर में जिला प्रशासन की ओर से आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए सोच नामक पोर्टल विकसित किया है। इसमें शिकायतकर्ता घर बैठे विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का पंजीकरण करा सकेंगे। शिकायतकर्ताओं को कोरोना काल में किसी भी प्रकार की शिकायतों के लिए संबंधित कार्यालय में न जाकर सोच पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण करा सकते हैं। जिला सूचना विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ नेटवर्क अभियंता चंपक जोशी ने बताया कि पहले यह सॉफ्टवेयर केवल एनआईसी के लोकल सर्वर में था। अब डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय की पहल पर सोच सॉफ्टवेयर को सार्वजनिक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से शिकायतकर्ताओं को सात दिन के भीतर अपनी समस्या का समाधान पा सकती है। शिकायत दर्ज करने के लिए शिकायतकर्ता को मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से वेबसाइट www.nicchampwat.in पर जाकर अपनी शिकायत के साथ संबंधित विभाग का चयन कर शिकायत पंजीकृत करानी होगी।
एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी कार्रवाई की जानकारी
चंपावत। पोर्टल में पंजीकरण के बाद शिकायतकर्ता को एसएमएस के माध्यम से शिकायत संख्या मिल जाएगी। डीएम एवं संबंधित विभाग को भी एसएमएस चला जाएगा। इसी पोर्टल में संबधित विभाग के लिए यूजर आईडी बनाई गई है, जिसमें संबंधित विभाग लॉग इन कर प्राप्त शिकायतों का विवरण देख सकता है। नेटवर्क इंजीनियर चंपक जोशी ने बताया कि जब भी कोई विभाग प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करेगा तो शिकायतकर्ता के पास एक एसएमएस चला जाएगा। उसके बाद शिकायतकर्ता प्राप्त एसएमएस में दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपनी शिकायत में विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी ले सकता है।