बारिश के बीच छाता के साथ काम पर निकलती चंपावत की छात्राएं। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत/लोहाघाट। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का पहला हिमपात हुआ है। बृहस्पतिवार को अचानक मौसम बदलने के बाद करीब एक सप्ताह तक सुहावने मौसम के बीच चटख धूप का आनंद ले रहे लोगों को इस साल की पहली बर्फबारी का तोहफा मिला। हालांकि बारिश और बर्फबारी से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, इसके बावजूद लोग बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह से झमाझम बारिश शुरू हो गई थी। दोपहर बाद चंपावत, मानेश्वर, हिंगलादेवी, क्रांतेश्वर, गुरु गोरखनाथ, ललुवापानी, पुनाबे, देवीधुरा, खेतीखान, मायावती, एबटमाउंट के बाद लोहाघाट शहर में बर्फबारी शुरू हो गई।
ऊंचाई वाले स्थानों में करीब दो तीन इंच बर्फबारी होने से लोगों के चेहरे खिल उठे। किसान इस बर्फबारी को फसलों और पेयजल के लिए वरदान मान रहे हैं। बारिश और बर्फबारी से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग दिनभर आग और अंगीठियों को घेरे रहे। कई लोगों ने प्रशासन से अलाव जलाने की मांग की है।