जिला मुख्यालय के छतार वार्ड के त्यारकूड़ा मोहल्ले में रहने वाले शुभम तिवारी का जलवा अब आल इंडिया डांस चैंपियनशिप में दिखेगा। दिल्ली में आयोजित होने वाले चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में 20 अगस्त को शुभम अपने डांस का हुनर पेश करेंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला तीन सितंबर को होगा।
बताते चलें कि 16 वर्षीय शुभम ने अपने छोटे कद की दिव्यांगता को अपने जुनून के आगे रुकावट नहीं बनने दिया। बेहद छोटा कद होने के बावजूद शुभम के सपने काफी बड़े बड़े हैं। वह अपनी दिव्यांगता को ही अपनी कला का माध्यम बनाकर हौसलों की उड़ान भर रहा है। इससे पूर्व शुभम कई अन्य डांस प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुका है। शुभम ने इस वर्ष इंटरमीडिएट की पढ़ाई उत्तीर्ण की है। उसका लक्ष्य फ्री डांस में देश में मुकाम हासिल करना है। शुभम की ओर से प्रस्तुत किए गए कई डांस शो की क्लिपें यू ट्यूब में भी धमाल मचा रही है।
श्रीकृष्ण महोत्सव में भी बजा शुभम का डंका
चंपावत। शुभम तिवारी के डांस का जलवा लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। आलम ये है कि जिले में होने वाले विभिन्न प्रकार के आयोजनों में शुभम की प्रस्तुति का लोगों को खासा इंतजार रहता है। बीते दिनों पुलिस लाइन और ढकना बडोला में आयोजित किए गए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भी शुभम तिवारी के डांस का जलवा बरकरार रहा।