शारदा नदी में लापता बालक की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। किरौड़ा नाले में मां पूर्णागिरि के श्रद्धालुओं का वाहन बहने से लापता बालक की तलाश में तीसरे दिन भी एसडीआरएफ की टीम जुटी रही। टीम ने टनकपुर से बनबसा बैराज तक शारदा नदी में तलाश की। सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि पीलीभीत और ऊधमसिंह नगर की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है।
बता दें कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे खटीमा क्षेत्र से मां पूर्णागिरि के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन किरौड़ा नाले में बह गया। हादसे में छह लोगों को बचा लिया गया। खटीमा के रघुलिया निवासी सोनी कौर, पकड़िया निवासी बलविंदर कौर की मौत हो गई। मृतका बलविंदर कौर का भाई नौ वर्षीय मंगल सिंह नाले में बह गया था। इसके बाद से ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है। तीसरे दिन रविवार को टीम ने टनकपुर से बनबसा शारदा बैराज तक नदी में तलाशी अभियान चलाया। सीओ राणा ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है। संवाद