बनबसा (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत चल रहे बनबसा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का विजेता संजू हंटर्स बन गया है। फाइनल में संजू हंटर्स ने सूर्या सुंपर किंग्स को 77 रनों से हरा ट्राफी पर कब्जा किया। मैन ऑफ द मैच संजू हंटर्स के सचिन मेहर ओर मैन आफ द सीरीज विशाल सामंत चुने गए। विजेता टीम को एक लाख और उपविजेता टीम को 50 हजार का चेक और ट्रॉफी दी गई।
यहां मिनी स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल संजू हंटर्स और सूर्या सुंपर किंग्स के बीच खेला गया। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता हेमा जोशी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार और सीएम कैंप कार्यालय प्रभारी राजपाल चौहान ने किया। संजू हंटर्स ने पहले बल्लेबाजी कर पांच विकेट पर 176 रन बनाए। इसमें सुरेश पहाड़ी ने सर्वाधिक 70 रनों का योगदान दिया। सूर्या सुपर किंग्स के बाॅलर करन ने दो विकट लिए।
जवाब में सूर्या सुपर किंग्स 11.4 ओवरों में 99 रन ही बना सकी। 29 रन सौरव राना ने जुटाए। संजू हंटर्स के बाॅलर हिमांशु ने चार और सचिन महर ने तीन विकेट लिए। अंपायर दीपक सक्सेना, अमित पांडे और स्कोरर देवराज देउपा रहे। आंखों देखा हाल जनक जोशी ने सुनाया। इस मौके पर बनबसा नगर पंचायत अध्यक्षा रेखा देवी, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी, एमआर चंद, सुभाष थपलियाल, बनबसा प्रधान राकेश चंद, शांति चंद, भरत प्रसाद, प्रेम ज्याला, उमेश भटृ, भवानी भंडारी, जीवन धामी, शकील अहमद मंसूरी, भावना नेगी, शिव चंद, आदेश चौहान आदि थे।
खेलों के माध्यम से नशे से बचने का कर रहे प्रयास
बनबसा भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत यहां खेलों को बढ़ावा देने में जुटे हैं। वह समय-समय पर विभिन्न खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से बचने का संदेश देने के अलावा उनकी छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। वह स्वयं भी एक अच्छे फुटबाल और क्रिकेट खिलाड़ी हैं।