चंपावत। कुमाऊं एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और कुमाऊं मंडल विकास निगम के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने कुमाऊं में पहली बार टनकपुर में रिवर गाइड टेस्ट के लिए लाइसेंस देने पर खुशी जताई है। यहां जारी एक बयान में गुरुरानी ने पर्यटन सचिव शैलेश बगौली के प्रति आभार जताया है।
उनका कहना है कि इससे पहले ऋषिकेश गंगा नदी में ही रिवर गाइड का टेस्ट होता था। इसमें स्थानीय रिवर गाइड प्रतिभाग नहीं कर पाते थे। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर जिले में निगम के साथ स्थानीय संस्थाओं की ओर से भी समय समय पर रिवर राफ्टिंग के प्रशिक्षण दिए जाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जितने प्रशिक्षण कार्यक्रम कुमाऊं विशेषतया पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत जिलों में चलते हैं, उतने प्रशिक्षण ऋषिकेश में नहीं चलते हैं। यहां जरूरत नदी के किनारे सड़क मार्ग की व्यवस्था करने की है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार वास्तव में उत्तराखंड में साहसिक खेलों को बढ़ावा देना चाहती है तो कुमाऊं मंडल और गढ़वाल मंडल विकास निगम को साहसिक पर्यटन का संपूर्ण कार्य सौंप कर यहां के साहसिक खेलों में प्रशिक्षित युवाओं को निगमों में भर्ती करे। इससे जहां युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं राज्य में साहसिक खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा।