। पुलहिंडोला में निर्माणाधीन मिनी ट्यूबवेल का निर्माण कार्य बीते पांच महीने से ठप होने से आक्रोशित ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर रविवार से भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है। उन्होंने इसकी सूचना संबंधित विभाग के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन को भेज दी है।
उल्लेखनीय है कि पुल हिंडोला में बनाए जा रहे मिनी ट्यूबवेल का निर्माण कार्य शासन से बजट न मिलने के कारण पिछले पांच माह से ठप पड़ा हुआ है। इससे कई सालों से पेयजल संकट से जूझ रहे इस क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चार वर्ष पूर्व क्षेत्र की पेयजल समस्या को देखते हुए यहां मिनी ट्यूबवेल स्वीकृत किया गया था। कार्यदायी संस्था जल निगम की निर्माण इकाई द्वारा अब तक लाइन बिछाने, टैंक निर्माण आदि सिविल वर्क पूरा कर लिया गया है, लेकिन धन की कमी से पंप सैट नहीं लग पा रहा है।
पंप सैट लगाने के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 10 जनवरी को चंपावत जाकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा था। 10 दिनों के भीतर बजट रिलीज न किए जाने के कारण उन्हें अब आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रविवार को पहले दिन दान सिंह भंडारी, नकुल पंत, मोहन सिंह भंडारी, पूरन राम, माधो सिंह क्रमिक भूख हड़ताल में बैठेंगे।
कोट
मिनी ट्यूबवेल के निर्माण कार्य में सिविल वर्क पूरा कर लिया गया है। जिसमें पेयजल लाइनें बिछाने, टैंक निर्माण आदि कार्य पूरा कर लिया गया है। 1.27 करोड़ रुपये के सापेक्ष 67 लाख रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। धनाभाव के कारण पंप सैट नहीं लग पा रहा है। जिला योजना में धन की मांग की गई है।
महेंद्र सिंह, अभियंता, जल निगम, लोहाघाट।