राजस्व, नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे लगे 15 फड़, खोखों को हटवाया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। साथ ही व्यापारियों को आगे से नालियों से बाहर सामान न लगाने की सख्त हिदायत दी गई। टीम ने दुकानों में पॉलिथीन और डिस्पोजेबल वस्तुओं के खिलाफ भी छापेमारी करते हुए इनका प्रयोग न करने के निर्देश दिए। सड़क के किनारे अनियंत्रित ढंग से खड़े किए गए कई दुपहिया चौपहिया वाहनों को नगर पंचायत के वाहन में रखकर थाने पहुंचाया। 40 वाहनों के चालान किए गए।
मंगलवार को तहसीलदार नीलू चावला, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने लोहाघाट बाजार में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। स्टेशन बाजार में सब्जी, फड़, खोखे वाले दुकानदारों का लाइसेंस चेक करने के बाद नाली से बाहर लगी हुई दुकानों को हटवाया गया।
अभियान आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना था कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार ने स्टेशन बाजार में आड़े-तिरछे वाहन चालकों का चालान करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसआई प्रेम विश्वकर्मा ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने 40 वाहनों का चालान कर 10 हजार अर्थदंड वसूला। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक चंद्र प्रकाश, राजकुमार बिष्ट, मोहन पंत, ललित भट्ट सहित कई कर्मचारी और पर्यावरण मित्र आदि मौजूद थे।