फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की

Tue, 07 Mar 2017 09:59 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लोहाघाट (चंपावत)
विज्ञापन
सुनीता देवी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
आपसी झगड़े में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के सिर के बाल भी काटे गए हैं। हत्या के बाद से पति घर से फरार है। आरोपी के पिता ने बेटे के  खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दोनों की शादी को 15 साल हो गए थे।

राजस्व उप निरीक्षक राकेश फर्त्याल ने बताया कि सोमवार रात बाराकोट के पट्टी क्षेत्र इजड़ा के बसौड़ी गांव के बची राम ने अपनी पत्नी सुनीता देवी (35) की हत्या कर दी। दोनों की 15 साल पहले शादी हुई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। बची राम अपने माता-पिता के घर के पास ही दूसरे घर पर रहता था।
विज्ञापन


सोमवार रात 10 बजे वह दोनों माता-पिता के घर खाना खाने के बाद अपने घर सोने के लिए चले गए थे। बची राम के दोनों बच्चे दादा-दादी के साथ ही सो गए थे। मंगलवार सुबह जब सुनीता देवी का 10 वर्षीय बेटा कमल और सात वर्षीय बेटा सागर अपने मकान में गए तो उन्हें मां बिस्तर पर पड़ी मिली। मां को उठाने पर जब वह नहीं उठी तो दोनों बच्चों ने दादा-दादी को मां के न उठने की जानकारी दी। इस पर बची राम के पिता बेनीराम जब कमरे में गए, तो सुनीता को मृत पड़ा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की सूचना राजस्व पुलिस को दी। इस पर नायब तहसीलदार गोपी राम, राजस्व उप निरीक्षक राकेश फर्त्याल, खुशाल सिंह धौनी, दीपक साह और अन्य प्रशिक्षु राजस्व उप निरीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 
विज्ञापन


वहीं, मृतका के ससुर ने अपने बेटे के खिलाफ बहू की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बचीराम के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। राजस्व उप निरीक्षक राकेश फर्त्याल ने बताया कि मृतका के सिर के बाल काटे गए हैं। आरोपी फरार है। शव का पोस्टमार्टम करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि सुनीता की मौत 16 से 18 घंटे पहले गला दबाने और दम घुटने से हुई है। लोहाघाट के श्मशान घाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया। लोहाघाट की तहसीलदार नीलू चावला का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस और राजस्व पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं।
 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें