टनकपुर (चंपावत)। आरपीएफ जवान पर हमला करने वालेेे चारों आरोपियों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
शुक्रवार की रात गश्त के दौरान आरपीएफ जवान नीरज शर्मा पर रेलवे परिसर में कुछ अराजक तत्वों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल सिपाही की ओर सेे जीआरपी थाना काठगोदाम में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि रात के वक्त रेलवे परिसर में वाशिंग पिट के समीप चार संदिग्ध युवकों के दिखाई पड़ने पर उसने पूछताछ की तो चारों युवकों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जीआरपी ने सिपाही की तहरीर पर हमला करने वाले चारों युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 333, 353, 427, 504, 506 के तहत केस दर्ज करने के बाद चारों शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी थाना काठगोदाम के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपियों में टनकपुर के वार्ड संख्या 9 घसियारा मंडी निवासी सुनील कश्यप , अमन कश्यप , इमली पड़ाव टनकपुर निवासी सौरभ कश्यप, राजाराम चौराह टनकपुर निवासी इंद्रजीत शामिल हैं। जीआरपी थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी अमन व सौरभ के खिलाफ पहले भी टनकपुर थाने में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है और उनकी हिस्ट्रीशीट खंगाली जा रही है।