टनकपुर (चंपावत)। शहर में अराजक तत्व बेलगाम हो रहे हैं। शराब के नशे में चूर अराजक तत्वों ने गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान को सिर्फ इस बात पर बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया कि उसने रेलवे परिसर में शराब पीने से मना किया। वाकया शुक्रवार की रात का है। घायल जवान ने जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) थाना काठगोदाम में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर इज्जतनगर आरपीएफ के कमांडेंट ऋषि पांडेय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ को हमलावरों का पता उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आरपीएफ का जवान नीरज शर्मा रेलवे परिसर में गश्त कर रहा था कि इस दौरान रेलवे परिसर में उसे कुछ युवक शराब पीते नजर आए। जवान ने उन्हें शराब पीने से रोका तो युवकों ने उसे बुरी तरह पीट दिया और मौके से फरार हो गए। घायल जवान किसी तरह रेलवे स्टेशन पहुंचा और उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर दीपक डांगा ने बताया कि घायल जवान की ओर से जीआरपी थाना काठगोदाम में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश और सरकार में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। इधर घटना की सूचना पर इज्जतनगर मंडल के आरपीएफ के कमांडेंट ऋषि पांडेय टनकपुर पहुंचे और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जीआरपी को हमलावरों का पता लगा उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए, वहीं स्थानीय पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर हमलावरों की गिरफ्तारी में मदद करने को कहा है। सीओ अविनाश वर्मा का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तार में स्थानीय पुलिस जीआरपी को पूरा सहयोग देगी।
स्थानीय कुछ पुलिस कर्मियों के करीबी हैं हमलावर
टनकपुर। चर्चा है कि आरपीएफ जवान पर हमला करने वाले युवक कोविड लॉकडाउन में अवैध शराब की तस्करी के धंधे में लिप्त हैं और स्थानीय कुछ पुलिस कर्मियों से भी उनके गहरे संबंध है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार की रात घटना का अंजाम देने वाले हमलावरों के बारे में पुलिस को पूरी जानकारी है और उनको दबोचने को कई जगह दबिश भी दी गई, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।