टनकपुर में प्रदर्शन करतीं महिलाएं। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। हर घर हर नल योजना के तहत ग्राम पंचायत टनकपुर के आमबाग में एक माह पूर्व की गई खोदाई वाली जगह को अभी तक नहीं पाटे जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। रविवार तक रास्ते को ठीक नहीं किए जाने पर 25 दिसंबर को सीएम कैंप कार्यालय में आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल लाइन बिछाने का काम पूरा होने के एक माह बाद भी रास्ते को ठीक नहीं किए जाने से विद्यार्थियों और यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आमबाग वार्ड की सदस्य रेनु पाल के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि इस मार्ग के ठीक नहीं होने से एमडीएम विद्यालय और पैरामाउंट स्कूल के बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। रसोई गैस सिलिंडर के वाहनों का भी यहां पहुंचना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन करने वालों में राधा खत्री, पुष्पा बोहरा, भावना पंत, भावना धामी, शकुंतला पाल, सीमा बोहरा, सुनीता बोहरा, पुष्पा जोशी, शांति जोशी, कमला महर, मंजू मेहरा आदि शामिल थीं। वहीं जल निगम के ईई वीके पाल का कहना है कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है। पता कर जरूरी कार्रवाई करेंगे।