मां पूर्णागिरि धाम में तीर्थयात्रियों की आवाजाही का सिलसिला शनिवार को भी बना रहा। दशमी पर 25 हजार भक्तों ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। उधर, जगह-जगह भंडारे लगा कर श्रद्धालुओं की सेवा की। जल संस्थान भी जल संकट से निपटने के लिए प्रयासरत है।
मां पूर्णागिरि धाम के सरकारी मेले में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु देवी के दर्शन को पहुंच रहे हैं। शनिवार को दशमी पर करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। शहर के व्यापारियों ने नेपाल मार्ग में बैराज पर भंडारा लगा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। आयोजन में नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव आर्य, पूर्व अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सभासद सौरभ अग्रवाल, सुनील अग्रवाल आदि ने सहयोग दिया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी लोगों ने भंडारे लगा कर यात्रियों की सेवा की।
इधर, पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में गहराते पानी के संकट से निपटने को जलसंस्थान ने भैरव मंदिर में लगे मिनी ट्यूबवेल को बीस फिट और गहरा किया है। विभाग के अपर सहायक अभियंता बीएस कुवार्बी ने बताया कि ट्यूबवेल में पाइप और गहरा डालने से करीब 25 एलपीए पानी की मात्रा बढ़ी है। उन्होंने बताया कि इससे भैरव मंदिर से लेकर टैक्सी स्टैंड तक के मेला क्षेत्र में पानी की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों में भी पानी की समस्या से निपटने की रणनीति पर विचार किया गया है।