चंपावत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वर्चुअली संवाद करते डीएम और अन्य। संवाद
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जल संरक्षण और संवर्धन के लिए जन सहभागिता को बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने शुक्रवार को स्प्रिंग एंड रिवर रिज्यूविनेशन प्राधिकरण (सारा) अंतर्गत कालूवाला देहरादून में जल उत्सव- 2024 का शुभारंभ किया। इसमें वर्चुअल माध्यम से सभी जनपद के जिलाधिकारी भी जुड़े रहे। धामी ने कहा कि जल संचय और जल संरक्षण अभियान बिना जन सहयोग से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें आज से और अभी से जल और जंगल को बचाने के प्रयास करने होंगे ताकि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को विरासत में जल और जंगल दे पाएं।
उत्तराखंड में सदानीरा नदी, नौले, गाड़- गधेरे और धारे हैं, बस इन्हें विलुप्त होने से बचाने और संजोने की आवश्यकता है। धामी ने प्राकृतिक जल स्रोतों को बचाने के साथ-साथ अधिक से अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के चलते हमारे प्राकृतिक जल स्रोत सूखते जा रहे हैं जिन्हें पेड़ लगाकर पुनर्जीवित किया जा सकता है। इस दौरान देहरादून से पर्यटन और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, अपर सचिव आनंद वर्धन, शैलेश बगौली सहित डीएम नवनीत पांडे, डीपीआरओ रामपाल सिंह आदि जुड़े रहे।