लोहाघाट (चंपावत)। सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से आ रहे दूषित पानी को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है। आक्रोशित लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने शीघ्र समस्या का समाधान न होने पर डीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
गलचौड़ा में उप प्रधान योगेश ओली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दूषित पानी की सप्लाई होने पर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि हर घर नल, हर घर जल पेयजल योजना के तहत तीन माह से पानी चालू होने के बाद लोगों के घरों में गंदा और लाल पानी आ रहा है। गांव में अन्य पेयजल योजना नहीं होने से ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर हो रहे। ग्रामीणों बताया कि ग्राम सभा सुंई पऊ के पांच बच्चे गोलू ओली, राहुल पंत, मयंक तलनियां, तरुण जोशी, नितीश बीमार हो गए। परिजन सतीश ओली, ललित मोहन, मयंक, अन्नु गहतोड़ी, विनोद ने बताया बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया तो पीलिया और टाइफाइड के लक्षण मिले हैं।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने बताया कि गांव के लिए एकमात्र सुंई लिफ्ट योजना है जिसमें गंदा पानी आ रहा है। समस्या को लेकर विधायक, डीएम और जल संस्थान के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा। शीघ्र गांव में बैठक कर एक शिष्टमंडल डीएम से मुलाकात करेगा। प्रदर्शन करने वालों में दीपक चतुर्वेदी, दिनेश ओली, नवीन राम, महेश ओली, शिवराज राम, कपिल जोशी, राहुल कुमार, प्रहलाद राम, गणेश राम, दिनेश, कैलाश आदि मौजूद रहे।