मां श्री पूर्णागिरि धाम ट्रस्ट को लेकर बैठक कर विरोध की रणनीति बनाते पुजारी।
- फोटो : अमर उजाला
मां पूर्णागिरि धाम के संचालन के लिए ट्रस्ट बनाने संबंधित याचिका पर हाईकोर्ट की ओर से प्रदेश सरकार से तीन माह मेें जवाब मांगने से पुजारियों की चिंता और बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को पुजारियों ने एक बार फिर बैठक कर विरोध जताया और तय किया कि इस मामले में सीएम से मिला जाएगा।
बृहस्पतिवार को मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुजारियों ने ट्रस्ट के खिलाफ एकजुटता से लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा है कि मां पूर्णागिरि धाम पर पुजारियों का पुस्तैनी अधिकार है। धाम से पुजारियों के परिवारों की रोजी-रोटी चलती है और वे अपनी रोजी-रोटी पर किसी तरह की आंच नहीं आने देंगे।
तय किया गया कि जल्द ही पुजारियों का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिलने देहरादून जाएगा। कुछ दिन पहले ही पूर्णागिरि ट्रस्ट को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से तीन माह के अंदर ट्रस्ट को लेकर नजरिया स्पष्ट करने के आदेश दिए हैं।
बैठक में गिरीश पांडेय, मथुरा दत्त पांडेय, कैलाश पांडेय, नीरज पांडेय, किशन तिवारी, दीपक तिवारी, प्रकाश पांडेय, मोहन पांडेय, सुरेश तिवारी आदि पुजारी मौजूद थे।