क्वैराला घाटी के मिरतोला में रामलीला मंचन जारी है। शनिवार को यहां मेघनाद वध, सुलोचना सती और रावण वध का मंचन किया गया। रविवार को राजतिलक के साथ रामलीला का समापन होगा।
जिले के दूरस्थ क्षेत्र मिरतोला में रामलीला का शानदार मंचन किया जा रहा है। रविवार को रामलीला में लक्ष्मण ने मेघनाद का वध किया। पति मेघनाथ की मृत्यु पर सुलोचना ने पति के साथ सती होने की बात कहते हुए कहा मरू संग जल के प्रीतम से चिता तैयार कर दीजो, पति गए स्वर्ग में मेरे जतन तुम शीघ्र कर दीजो। इसके बाद राम और रावण युद्ध का मंचन किया गया। घायल अवस्था में रावण ने लक्ष्मण को ज्ञान दिया। राम के पात्र में मोहन जोशी, लक्ष्मण के मनोज भट्ट, सीता के राकेश, मेघनाद के माधवानंद, सुलोचना के हरीश नरियाल और रावण के पात्र के रूप में हयात सिंह ने शानदार अभिनय किया।
पाटी में चल रही रामलीला के समापन अवसर पर राम सीता तथा लक्ष्मण की अयोध्या वापसी पर भव्य झांकी निकाली गई। राजतिलक के दिन प्रभु श्री राम की शोभा यात्रा जौलामेल से शुरू होकर जौलाड़ी , माराकुली, स्टेशन चौराहा, मष्टा मंदिर कालोनी, मल्ली पाटी , न्यू कलोनी होते हुए तहसील चौराहे से होकर निकली। राज्याभिषेक के बाद मंच में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। जिसमें शिशु मंदिर, विद्या मंदिर, मल्लिकार्जुन, जेएन पब्लिक स्कूल, जीआईसी पाटी एवं स्थानीय बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रविवार को सुबह से ही यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हेम शर्मा, लक्ष्मण मेहता, भैरव दत्त, कैलाश भट्ट, रवीश पचौली, सुरेश भट्ट, राजू बोहरा, संजय पाटनी, सूरज पाटनी, विक्रम, अमित आदि मौजूद थे।