बनबसा/टनकपुर (चंपावत)। बिजली के तारों को छू रहीं टहनियों और बिजली तारों के लिए खतरा बने पेड़ों की टहनियों की छंटनी (लॉपिंग) और बिजली लाइनों के रखरखाव के लिए यूपीसीएल ने रविवार को क्षेत्र में शटडाउन किया। इससे क्षेत्र में सुबह साढ़े नौ बजे से शाम 3:40 बजे तक बिजली गुल रही। इससे क्षेत्र में पेयजल समस्या गहरा गई और बिजली आधारित कारोबार प्रभावित रहे।
यूपीसीएल टनकपुर उपखंड के एसडीओ शोएब रजा ने बताया कि लोहियाहेड से टनकपुर तक बिजली तारों को नुकसान पहुंचाने वाले पेड़ों की टहनियों की छंटनी कर बिजली तारों आदि के रखरखाव के लिए रविवार को शटडाउन लिया गया है। उन्होंने बताया कि निगम ने बरसात से पहले लाइनों का रखरखाव कार्य पूरा करने का फैसला लिया था क्योंकि बरसात में आए दिन पेड़ों की टहनियां बिजली तारों पर गिरने से तार क्षतिग्रस्त होते हैं। करंट फैलने की भी आशंका रहती है। इस कारण बरसात से पूर्व पेड़ों की टहनियों की छंटनी करना जरूरी हो जाता है। पिछले बार नवंबर में बिजली तारों को छू रही पेड़ों की टहनियों की छंटनी की गई थी। क्षेत्र में रविवार को करीब छह घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। शाम करीब पौने चार बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।