बनबसा (चंपावत)। होली के बाद यहां पूर्णागिरि मेला लगेगा। इसकी तैयारी के लिए हुई प्रशासन की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। मेले के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने के साथ ही कोविड 19 टीकाकरण और कुंभ मेले के मद्देनजर मां पूर्णागिरि मेले की अवधि कम रखने पर निर्णय लिया गया।
विधायक कैलाश गहतोड़ी की मौजूदगी में प्रशासन, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया कि मेला अल्प अवधि का होगा। मंदिर जाने वालों की संख्या भी सीमित रहेगी। मेला तिथि और दर्शनार्थियों की संख्या बाद में तय की जाएगी। डीएम एसएन पांडेय ने बताया कि कुंभ मेला और देशभर में कोरोना टीकाकरण के कारण प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग की व्यस्तता के कारण पूर्णागिरि मेले की अवधि कम रखी जाएगी। मेले में कोविड 19 के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उचित दूरी, मास्क पहनने, सैनिटाइजर का प्रयोग यात्रियों से कराया जाएगा। मेले से होने वाले राजस्व पर भी चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि मेले को वैष्णव देवी मंदिर की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। इस मौके पर एसपी लोकेश्वर सिंह, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन पांडे के अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सुरक्षा कर्मी आदि थे।
टनकपुर कोतवाली में बन रही नई बैरक, एसपी ने किया निरीक्षण
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले की तैयारी बैठक के बाद एसपी लोकेश्वर सिंह ने टनकपुर कोतवाली में बन रही नई बैरक का निरीक्षण कर मातहतों को जरूरी निर्देश भी दिए। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखकर मानकों के तहत बैरक का निर्माण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने मनिहारगोठ और बूम पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर एसएसआई योगेश दत्त, एसआई मोहन भट्ट आदि थे।