टनकपुर में धड़ल्ले से हो रहा है पॉलिथीन का प्रयोग
- फोटो : अमर उजाला
भले ही सरकार ने राज्य में पॉलिथीन एवं प्लास्टिक बैगों पर रोक लगाई हो और हाईकोर्ट ने भी इसे सख्ती से लागू कराने के आदेश दिए हैं, बावजूद इसके शहर में पॉलिथीन और प्लास्टिक बैगों का धड़ल्ले से प्रयोग हो रहा है। प्रशासन की सुस्ती से पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के हौसले बुलंद हैं। समाजसेवियों ने पॉलिथीन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई है।
अधिवक्ता ललित मिगलानी की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने पॉलिथीन एवं प्लास्टिक बैगों पर रोक लगाने का आदेश दिया था। इस पर सरकार ने राज्य में 11 जनवरी से प्लास्टिक बैग, कप-ग्लासेज, पैकिंग मैटेरियल इत्यादि पर पूर्णतया रोक लगाने का शासनादेश जारी किया है।
बता दें कि हाईकोर्ट ने शासनादेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है, लेकिन यहां प्रशासन को कोर्ट के आदेश की परवाह नहीं है। मुख्य बाजार में लगने वाली सब्जी की दुकानें हो या अन्य दुकानें, सभी जगह पॉलिथीन एवं प्लास्टिक बैगों का बेरोकटोक प्रयोग हो रहा है।
प्रशासन एवं नगर पालिका ने पिछले दिनों अभियान छेड़ा तो कुछ असर पड़ा, लेकिन वर्तमान में चुनाव के चलते अभियान सुस्त होते ही पॉलिथीन एवं प्लास्टिक के बैगों में सामान देते और लेते लोगों का दिखाई पड़ना आम हो गया है। इधर, एसडीएम अनिल चन्याल का कहना है कि इस बाबत नगर पालिका प्रशासन को कार्रवाई के लिए कहा गया है।