टनकपुर पावर स्टेशन निर्माण के वक्त हुए समझौते के तहत नेपाल को शारदा से सिंचाई के लिए टनकपुर बैराज से चैनल (नहर) का निर्माण जल्द शुरू होगा। भारतीय राजदूत रंजीत रे और नेपाल के सिंचाई मंत्री दीपक गिरि ने बुधवार को चैनल के शुरुआती केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
नेपाल सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ ब्रह्मदेव (नेपाल) के रास्ते निरीक्षण को आए भारतीय राजदूत एवं नेपाल के सिंचाई मंत्री ने टनकपुर बैराज के पास से प्रस्तावित नेपाल के लिए बनाई जाने वाली सिंचाई चैनल (नहर) के उद्गम स्थल का निरीक्षण किया।
नेपाल के अधिकारियों ने बताया कि टनकपुर पावर स्टेशन निर्माण के वक्त हुए समझौते के तहत बैराज से 1.2 किमी चैनल भारत सरकार को बनाकर देनी है। उससे आगे नेपाल सरकार खुद बनाएगी। नेपाल के सूत्रों ने बताया कि चैनल के उद्गम स्थल के अलावा भारतीय राजदूत एवं सिंचाई मंत्री ने चांदनी के झोलंगे पुल और दोधार बांध का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान नेपाल सिंचाई विभाग के महानिदेशक, सचिव, कंचनुपर जिले के प्रमुख जिला अधिकारी मनोहर खनाल, एसपी प्रकाश बहादुर चंद समेत नेपाल के तमाम आला अफसर मौजूद थे।