भारत नेपाल सीमा पर पहुंचे नेपाली संगठनों के कार्यकर्ता।
- फोटो : TANAKPUR
नेपाल युवा संघ के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को भारत-नेपाल सीमा पर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में उन्होंने नेपाल के गड्डा चौकी में सभा कर कालापानी और लिपुलेख को अपनी भूमि बता वापस करने की मांग की। उन्होंने भारत पर विस्तारवादी नीति का आरोप भी लगाया।
भारत सरकार की ओर से 2 नवंबर को भारत का नया नक्शा जारी किया गया जिसमें कालापानी और लिपुलेख को भारतीय सीमा पर दर्शाए जाने पर नेपाल में भारत विरोधी गुट भारत पर विस्तारवादी नीति का आरोप लगाकर विरोध जता रहे हैं। बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे के आसपास नेपाल युवा संघ के कार्यकर्ता नेपाल से रैली निकाल भारत नेपाल पिलर-सात तक पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने भारत विरोधी नारे लगाए और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारेबाजी की। युवा संघ के केंद्रीय सदस्य रामचंद्र रेग्मी, अखिल नेपाल स्वतंत्र विद्यार्थी यूनियन के केंद्रीय सदस्य जनक पाठक के नेतृत्व में करीब 200 से अधिक कार्यकर्ता पिलर-सात तक पहुंचे। बाद में उन्होंने नेपाल के गड्डा चौकी में आम सभा कर भारत के खिलाफ जहर उगला।
उनका कहना था कि भारत ने कालापानी और लिपुलेख पर कब्जा किया हुआ है जो नेपाल का है। रैली में विप्लव गुट के कार्यकर्ताओं के भी शामिल होने के संकेत मिले हैं।