बनबसा/टनकपुर (चंपावत)। नेपाल एवं अमेरिका के बीच हुए मिलेनियम चैलेंज कॉरपोरेशन (एमसीसी) समझौते के खिलाफ शुक्रवार को आहूत नेपाल बंद स्थगित हो गया। कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर में बंद स्थगित करने का एलान बृहस्पतिवार शाम किया गया। इसलिए बनबसा से लगे नेपाल के महेंद्रनगर एवं टनकपुर सीमा से सटे ब्रह्मदेव में शुक्रवार को बाजार पूरी तरह खुले रहे। दोनों देशों के बीच आवागमन भी सामान्य रहा। बंद स्थगित होने से सीमावर्ती भारत एवं नेपाल के लोगों और व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली। हालांकि नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी विप्लव गुट की सहयोगी पार्टी अखिल क्रांतिकारी पार्टी के 60-65 लोगों ने शुक्रवार दोपहर करीब एक घंटे तक महेंद्रनगर में एमसीसी गो बैक के नारे लगाए। वह इस समझौते को खारिज करने की मांग कर रहे थे।
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा एवं अमेरिका ने एमसीसी समझौता किया है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने नेपाल को 500 मिलियन डॉलर का अनुदान देने की पेशकश की है। इस समझौते को नेपाल की संसद में पारित कराना जरूरी है लेकिन वहां विभिन्न राजनीतिक दल एवं संगठन समझौते का विरोध कर रहे हैं। इसके तहत तीन दिन पहले 16 फरवरी को भी नेपाल बंद रहा था। इसके अगले चरण में शुक्रवार को भी बंद होना था लेकिन माओवादी विप्लव गुट, ऋषि कट्टेल नेतृत्व वाली नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी, मोहन वैद्य नेतृत्व वाली क्रांतिकारी माओवादी संगठन, आहुति नेतृत्व वाली वैज्ञानिक समाजवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कर्णजीत बुढ़ाथेकी के नेतृत्व वाली नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी केंद्र समाजवादी पार्टी एवं देशभक्त गणतांत्रिक मोर्चा ने बृहस्पतिवार शाम इस प्रस्ताव को स्थगित कर दिया था।