टनकपुर अस्पताल में भर्ती जहर खुरानी का शिकार बना पंजाब पुलिस कर्मी नारायण सिंह।
- फोटो : TANAKPUR
रोडवेज बस में सफर के दौरान चंपावत निवासी पंजाब पुलिस का एक कर्मचारी जहरखुरानी का शिकार हो गया। बस के परिचालक ने पीड़ित को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने पीड़ित के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। होश नहीं आने के कारण पीड़ित से हुई लूटपाट के बारे में पता नहीं चल सका है।
टनकपुर डिपो की बस (यूके 04 पीए-1139) बुधवार सुबह लुधियाना से टनकपुर लौटी तो बस में एक यात्री अपनी सीट पर बेहोश मिला। सीट के पास उसका बैग भी रखा था। बस के परिचालक मनोज कुमार ने उसे फौरन संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया और उसका बैग अस्पताल प्रशासन को सौंपा। परिचालक के मुताबिक चंपावत निवासी नारायण सिंह सामंत लुधियाना से बस में सवार हुए थे।
चिकित्साधिकारी डॉ. आफताब अंसारी ने बताया कि नशीले पदार्थ के सेवन से बेहोश हुए हैं। उनकी जेब में मिले मोबाइल फोन से पूर्व में रिसीव हुए नंबर पर कॉल की गई तो वह नंबर नारायण के बेटे महेश सिंह सामंत का था।
उन्होंने बताया कि वे बाराकोट (चंपावत) में रहते हैं और उनके पिता पंजाब पुलिस में कुक के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में लुधियाना में तैनात हैं। वह छुट्टी पर घर आ रहे थे।
बहरहाल सूचना के बाद महेश टनकपुर के लिए रवाना हो गए थे। खबर लिखे जानेे तक पीड़ित को होश नहीं आने से उनके साथ हुई लूटपाट का पता नहीं चल सका है।