टनकपुर (चंपावत)। पार्किंग शुल्क की वसूली कर रहे नगर पालिका कर्मचारियों के साथ एक पुलिस कर्मी द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट किए जाने से भड़के पालिका कर्मचारियों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरोपी पुलिस कर्मियों को निलंबित कराने के लिए उन्होंने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उन्होंने दो टूक कहा है कि निलंबन की कार्रवाई तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
नगर पालिका कर्मचारियों के मुताबिक शुक्रवार को वे न्यू टैक्सी स्टैंड के पास वाहनों से पार्किंग शुल्क की वसूली कर रहे थे। इसी बीच निजी कार से वहां पहुंचे कोतवाली में तैनात एक पुलिस कर्मी ने पार्किंग शुल्क के संबंध में बेवजह अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर वह कोतवाली से अन्य पुलिस कर्मियों को बुला लाया और उन्हें पकड़ कर कोतवाली ले गया। कोतवाली में उक्त पुलिस कर्मी और थानाध्यक्ष ने उनके साथ न सिर्फ अभद्रता बल्कि एक कर्मचारी की पिटाई भी की। हालांकि बाद में पुलिस ने पालिका कर्मचारियों को छोड़ दिया, लेकिन पुलिस कर्मियों के इस बर्ताव से पालिका कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने कार्य बहिष्कार शुरू कर पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में हरी दत्त पंत, प्रकाश नेगी, प्रमोद, शकुन सक्सेना, नीरज सिंह, घासीराम, अर्जुन, रामरतन, अशोक, छत्रपाल, विशाल, राजेंद्र, अनन्नू, उर्मिला, राकेश बाल्मीकि, श्याम सिंह, कमलेश, अनुराग, मुनीष, बसंतराज चंद, सभासद हसीब अहमद आदि शामिल थे।
कोट...........
पालिका कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप गलत है। कुछ लोगों के द्वारा टैक्सी स्टैंड पर अवैध तरीके से पार्किंग शुल्क की वसूली किए जाने की सूचना दी गई थी। शुल्क की रसीद में संदेह होने और वसूली कर रहे लोगों के पास परिचय पत्र व ड्रेस नहीं होने पर उन्हें कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। बाद में प्रभारी ईओ तहसीलदार खुशबू पांडेय द्वारा फोन पर पालिका के कर्मचारी होने की जानकारी दी गई तो उन्हें छोड़ दिया गया। ×अविनाश वर्मा, सीओ टनकपुर।