विधानसभा चुनाव की व्यवस्थाओं के संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.वी षणमुगम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया पर मोबाइल फोन, एसएमएस आधारित पोल डे मानिटरिंग सिस्टम की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर के समस्त मतदान पार्टियों को सामग्री प्राप्त कराने से पूर्व स्वयं पीठासीन अधिकारियों के मोबाइल नंबरों को पीडीएमएस (पोल डे मोनिटरिंग सिस्टम) में रजिस्ट्रेशन करायेंगे। जिससे पीठासीन अधिकारी पीडीएमएस के माध्यम से पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय के साथ ही ईवीएम प्राप्त करने, पोलिंग स्टेशन पर मतदान पार्टियों के सुरक्षित पहुंचने, मॉक पोल कराने, मतदान प्रारंभ होने की सूचना के साथ 9 बजे तक पड़े मतों की संख्या और प्रत्येक दो-दो घंटे में पड़े मतों की सूचना से अवगत करायेंगे। उन्होंने कहा कि ईवीएम के खराब होने, मतदान में बाधा पहुंचाने आदि की सूचना भी मैसेज के माध्यम से आयोग के पोर्टल पर दी जाएगी।
जिन पोलिंग स्टेशनों में मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं होगी, उन पोलिंग स्टेशनों के सेक्टर मजिस्ट्रेट वायरलेस से सूचना संकलित कर कंट्रोल रूम में अपने मोबाइल से अंकित कराएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों में किसी समस्या के समाधान के लिए मतदान से दो दिन पहले से कंट्रोल रूम में लोनिवि के साथ बीएसएनएल के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे और मतदान पार्टियों द्वारा बूथों में कनेक्टिविटी, रास्तों की स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल अपने मातहतों के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराएंगे।
उन्होंने पोल डे के दिन बार-बार चक्कर लगा रहे वाहनों पर पैनी नजर रखने, पांच बजे बाद मतदाताओं की लाइन होने पर अंतिम व्यक्ति से पर्ची नंबर आवंटित करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत वर्मा, नोडल अधिकारी कार्मिक एचजी भट्ट, सूचना विज्ञान अधिकारी मोहित साह, कॉल सेंटर प्रभारी मनोज पांडेय, लोनिवि ईई बीसी पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एमसी जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।