दुधौरी में पेयजल लाइन में डाली गई लकड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
दुधौरी ग्राम पंचायत की सुरियापानी पेयजल योजना की पाइप लाइन से गांव के करीब दस परिवारों को पानी नहीं लेने दिया जा रहा है। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगों ने पाइप लाइन में लकड़ी डालकर एक हिस्से में पानी की आपूर्ति बंद कर दी है। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
गंगा सिंह सहित दुधौरी के कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि स्वजल परियोजना के तहत कुछ वर्ष पूर्व निर्मित इस पेयजल योजना का लाभ पूरे गांव को न मिल कुछ ही लोगों को हो रहा है। गांव के कुछ दबंगों ने कहीं पाइप लाइन तोड़ी है और कहीं पाइप लाइन में लकड़ी डालकर पेयजल आपूर्ति बाधित कर दी है। इस वजह से यहां के लोगों को गदेरे से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने दबंगों की इस हरकत से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की प्रशासन से शिकायत करते हुए पानी की आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की पड़ताल कर सभी को पेयजल मुहैय्या कराने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं।
वहीं ग्राम प्रधान सुनीता सिंह और पूर्व ग्राम प्रधान भीम सिंह का कहना है कि स्वजल की सुरियापानी परियोजना के उपयोग के लिए दी जाने वाली मासिक न्यूनतम रकम नहीं देने से कुछ परिवारों को पानी नहीं दिया जा रहा है। ये लोग न तो 30 रुपये मासिक दे रहे हैं और नहीं टूटफूट होने पर श्रमदान करते हैं। करीब 25 परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।