नगर के कचहरी और ठाड़ाढुंगा मोहल्ले में नलों में दूषित पानी आने से लोगों में गहरी नाराजगी है। मंगलवार को लोगों ने नलों में आ रहे दूषित पानी से भरी बोतलों के साथ प्रदर्शन किया। समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा और कविता खर्कवाल के नेतृत्व में महिलाएं मंगलवार को नलों में आ रहे गंदे पानी को बोतलों को भरकर मीना बाजार में पहुंच गई। उन्होंने गंदे पानी से भरी बोतलों के साथ जल संस्थान और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा का कहना है कि नगर क्षेत्र में पेयजल लाइनें नालियों में डाली हुई हैं। नालियों से पाइप लाइन हटाने की मांग को लेकर कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया है। महिलाओं का कहना था कि काफी समय से उनके घरों में लगातार गंदा व दुर्गंध वाला पानी आ रहा है। जो कपड़े धोने लायक तक नहीं है।
उनके द्वारा कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को नलों में गंदा पानी आने की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विभाग आंखें मूंदे हुए हैं। महिलाओं का कहना था कि एक तो उनके मोहल्ले में तीसरे दिन बमुश्किल 40 मिनट पानी की आपूर्ति की जा रही है। यह पानी भी साफ न होने से मुसीबत खड़ी हो गई है। लोग नौलों, हैंडपंपों आदि से पानी ढोने को मजबूर हो रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में गोविंद वर्मा, धर्मानंद पांडेय, मनोज खर्कवाल, लीलांबर गहतोड़ी, हेम राय, भावना पांडेय, मंजू पांडेय, निर्मला राय, जया पांडेय, मीना पांडेय, दीपा टम्टा, पूजा टम्टा, मंजू उपाध्याय आदि शामिल थे।
कोट
कुछ लोगों के घरों में पानी चालू होने के बाद चार पांच बाल्टियां गंदा पानी आ रहा है, यहां गंदा पानी नलों में कहां से आ रहा है इसका पता लगा समस्या का निदान किया जाएगा। -पवन बिष्ट,कनिष्ठ अभियंता, जल संस्थान, लोहाघाट।