आदर्श राशनिंग वेलफेयर सोसाइटी ने मानदेय न देने को लेकर एक दिनी कंप्यूटर प्रशिक्षण का विरोध किया। उन्होंने मानदेय की मांग को लेकर नारेबाजी की।
रामलीला प्रांगण में ब्लाक अध्यक्ष शिवराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित ब्लाक कार्यकारिणी की बैठक में राशन डीलरों ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से सरकार से उन्हें मानदेय देने की मांग की है लेकिन सरकार राशन डीलरों की मांग को नजर अंदाज कर रही है। राशन डीलरों को न तो मानदेय दिया जा रहा है और न ही सस्ता गल्ला वितरण में ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने पर लैपटॉप, प्रिंटर के रखरखाव के लिए धनराशि दी जा रही है।
इससे सस्ता गल्ला विक्रेताओं पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। राशन डीलरों ने ऑन लाइन प्रक्रिया राशन वितरण में असमर्थता जताई। चेतावनी दी कि यदि जल्द तीस हजार रुपये मासिक वेतन नहीं दिया गया तो सभी राशन डीलर सामूहिक रूप से इस्तीफा देने के साथ लैपटॉप और प्रिंटर विभाग में जमा करने को मजबूर होंगे।
वहां हर सिंह, त्रिभुवन सिंह, दिगराज सिंह, उमेद सिंह, कमला बोहरा, दीपक आर्य, दुर्गादत्त, कमलेश भट्ट, भुवन चंद्र, किशोर सिंह, तेज सिंह, राम सिंह, भूपाल सिंह, भैरव दत्त, भगवती जोशी, प्रताप सिंह, खड़क सिंह आदि थे।