रामलीला मैदान में रविवार को साप्ताहिक किसान हाट में लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। काश्तकारों को अच्छे दाम, तो खरीददारों को वाजिब दाम पर स्थानीय सब्जियां मिली। लोगों को यहां बाजार से 15 से 40 प्रतिशत कम दाम पर ताजी सब्जियां मिली। किसानों द्वारा लाई जा रही सब्जियों को लोगों हाथों हाथ लिया।
लोहाघाट व चंपावत में 13 अगस्त से सप्ताह में एक दिन किसान हाट शुरू किया गया है। रविवार को उद्यान विभाग, व्यापार संघ, प्रशासन व नगर पंचायत के सहयोग से लगे इस किसान हाट में लोगों ने जमकर ताजी सब्जियों की खरीद की। सहायक विकास अधिकारी (उद्यान) भूपेंद्र जोशी, भूप सिंह व राजस्व निरीक्षक चंद्र प्रकाश की देखरेख में लगी किसान हाट में कोलीढेक, रायनगर चौड़ी, फोर्ती, कलचौड़ा, खैसकांडे, रायकोट, पऊ, अंडोली, थुआ माहरा आदि गांवों के काश्तकार शिमला मिर्च, बैगन, टमाटर, तुरई, लौकी, आलू, ककड़ी, मूली, मक्का लाए। प्रेरणा स्वयं सहायता समूह फोर्ती की काश्तकार कविता बगौली मट्ठा लाई।
काश्तकार गीता देवी, चंचला देवी, विमला, हीरा, सावित्री, पार्वती, दीपा, भैरवी, आशा, गोविंदी, महेश राय, प्रकाश राय, सुरेश राय, कैलाश चंद्र, गणेश दत्त, उर्वादत्त चौबे आदि का कहना था कि लोहाघाट नगर में वर्षों बाद दुबारा से किसान हाट लगने से काश्तकारों और उपभोक्ताओं दोनों को काफी लाभ होगा। हाट में उनके उत्पादों को उचित मूल्य मिल रहा है, वहीं उपभोक्ताओं को भी कम दाम में सब्जी मिल रही है।