चंपावत। जिले के अतिथि शिक्षक दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर छात्र-छात्राओं को ज्ञान दे रहे हैं लेकिन जून माह आते ही उनके चेहरे पर वेतन मिलने की चिंताएं स्पष्ट देखी जा सकती हैं।
जिले में प्रवक्ता वर्ग में 304 पद रिक्त चल रहे हैं। इसमें 206 पदों पर अतिथि शिक्षक कई स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे है। सहायक अध्यापक के जिले में 137 पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें 58 पदों पर अतिथि शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। माध्यमिक अतिथि शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष चंचल सिंह कुंवर ने बताया कि जिले के सभी स्कूलों में अतिथि शिक्षक मनोयोग से पढ़ाई कर रहे हैं। पिछले साल उन्हें जून का वेतन नहीं मिला था। जबकि पिथौरागढ़ में अतिथि शिक्षकों को जून को वेतन दिया है। शिक्षा निदेशक के आदेश होने के बाद भी उन्हें वेतन नहीं दिया जा रहा है। जबकि अवकाश होने पर भी ऑनलाइन पढ़ाई करा रहे हैं।