लोहाघाट (चंपावत)। पीएम श्री जीआईसी दिगालीचौड़ में शिक्षकों की कमी का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
जीआईसी दिगालीचौड़ में हाईस्कूल में विज्ञान, रंजन कला, इंटरमीडिएट में संस्कृत, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के पद रिक्त चल रहे हैं। इससे 448 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई नहीं हो पा रही है।
अभिभावक पार्वती देवी ने कहा कि विभाग को कई बार इस बारे में अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। रेखा देवी ने नेपाल सीमा से लगे इस विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती जल्द कराने की मांग की है।
जीआईसी दिगालीचौड़ को सरकार ने पीएमश्री विद्यालय तो बना दिया, लेकिन लंबे समय से शिक्षकों के रिक्त पदों को नहीं भरा गया। इससे छात्र-छात्राओं का भविष्य चौपट हो रहा है। - रोशन राम, पीटीए अध्यक्ष, पीएमश्री जीआईसी दिगालीचौड़
एक ओर सरकारी विद्यालयों में अपने बच्चों को भेजने के लिए सरकार तमाम बातें कर रही है, लेकिन दूसरी ओर सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती नहीं कर पा रही है। - कमला देवी, एसएमसी अध्यक्ष, पीएमश्री जीआईसी दिगालीचौड़
रिक्त चल रहे पदों को भरने के लिए लगातार उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा रहा है। विद्यालय में वर्तमान में 448 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इससे अध्यापन कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। - डॉ. सुधाकर जोशी, प्रधानाचार्य पीएमश्री जीआईसी दिगालीचौड़