बाराकोट के क्वांरकोली पाडासोंसेरा मोटर मार्ग में डामरीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण
लोहाघाट (चंपावत)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी क्वारकोली-पाड़ासोंसेरा सड़क बदहाल है। पूर्व में इस सड़क पर किया गया डामरीकरण उखड़ने से इस पर सफर करना खतरे से कम नहीं है। रविवार को सड़क पर डामरीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
झिरकूनी के ग्राम प्रधान राजू जोशी के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि करीब 15 किमी सड़क पर आठ साल पहले पीएमजीएसवाई ने डामरीकरण किया था। वर्तमान में डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। इस कारण इस सड़क पर यातायात बेहद खतरनाक बना हुआ है। निगालीगाड, झिरकूनी, टाक, छुलापै, बैतरानी, छानाडीणा, सूरी, भटवाड, रावलगांव, सूराकोट, चौड़ी और पाड़ासौंसेरा गांव के लोग इस मोटर मार्ग से आवाजाही करते हैं।
कई बार शासन-प्रशासन से डामरीकरण की मांग की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क पर डामरीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश जोशी, विजय जोशी कमल जोशी, सोनू जोशी, प्रकाश चंद्र, हरीश चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे। इधर पीएमजीएसवाई के अभियंता देवेश कोहली का कहना है कि उनके विभाग की मोटर मार्ग की देखरेख की पांच साल की समय सीमा समाप्त हो गई है। इस मोटर मार्ग को लोनिवि को हस्तांतरित करने के लिए करीब एक महीने पूर्व पत्राचार किया गया है। संवाद