पाटी में आधार शिविर में फजीहत, कई लोग बैरंग लौटे
- फोटो : अमर उजाला
पाटी ब्लाक सभागार में आयोजित शिविर में आधार कार्ड बनाने के लिए आए दूरदराज के गांवों के लोगों को भारी फजीहतें झेलनी पड़ी। आधार कार्ड बनाने वाली टीम के समय से न पहुंचने से लोगों को अपने बच्चों के साथ घंटों इंतजार करना पड़ा।
रविवार को ब्लाक सभागार में आधार कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाया गया था। शिविर में सांसद आदर्श गांव रौलामेल, भुम्वाड़ी, मूलाकोट, पटनगांव, चौड़ाकोट सहित करीब 25 गांवों के 500 से ज्यादा लोग अपना और अपने बच्चों का आधार कार्ड बनाने के लिए सुबह आठ बजे से पहुंचने लगे, लेकिन आधार कार्ड बनाने वाली टीम अपरान्ह करीब एक बजे पहुंची। सभागार में बिजली की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। बाद में खंड विकास अधिकारी सीएस मेवाड़ी ने आनन-फानन में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था से काम शुरू करवाया। तकरीबन दो बजे से आधार कार्ड बनाने का काम शुरू हो सका। देरी की वजह से काफी कई लोग घरों को मायूस लौटे गए। शाम चार बजे तक सिर्फ 35 लोगों के ही आधार कार्ड बन सके।
सामाजिक हेल्प संगठन के अध्यक्ष सुरेंद्र ने कहा कि आयोजकों की लापरवाही की वजह से शिविर में जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तीन दिन तक शिविर लगाने की मांग की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि तहसील व ब्लाक मुख्यालय होने के बावजूद पाटी में जनाधार केंद्र न होने से लोगों को 50 किमी दूर श्रीरीठा साहिब या 20 किमी दूर देवीधुरा जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
आधार बनाने वाली टीम के देरी से आने की वजह से लोगों को परेशानी हुई है। इस मामले में जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 26 दिसंबर के बाद से लोगों को राहत देने के लिए यहां कैंप लगवाया जाएगा।
निर्मला बिष्ट, एसडीएम, पाटी।