खेतीखान में हुए गोलीकांड के दूसरे दिन खुली बाजार, पसरा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला
खेतीखान की पहचान समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के लिए रही है। मगर शुक्रवार को हुए जिला सहकारी बैंक की शाखा में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से यहां लोगों में दहशत बनी हुई है। गार्ड दिनेश सिंह बिष्ट द्वारा सरेआम दो बैंक कर्मियों को मौत के घाट उतारने के बाद से इलाके के लोग अब भी बुरी तरह सहमे हैं। लोग अभी भी खौफ के साये में जी रहे हैं।
दोहरे हत्या कांड की घटना के दूसरे दिन हालांकि खेतीखान बाजार की दुकानें सुबह 8.30 बजे खुल गई। मगर चहलपहल पूरे दिन भर गायब रही। अन्य दिनों की अपेक्षा दुकानों में काफी कम ग्राहक नजर आए। शनिवार को दिन के समय कस्बे में पुलिस और सुरक्षा बल भी नहीं था। बैंक के भीतर हुई जांच के दौरान दुकानदारों में कौतुहल जरूर रहा। जगह-जगह पर दोहरे हत्याकांड की चर्चा में मशगूल दिखे। ज्यादातर लोग सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त की मांग कर रहे हैं।
क्षेत्र में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। घटना को लेकर लोगों में डर इस कदर है कि वे खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहली बार हुई इस आपराधिक घटना के बाद से लोगों में इस शांत कस्बे में लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सताने लगी है। लोगों का कहना है कि शुक्रवार की रात को लोहाघाट थाने से 6 पुलिस कर्मियों की टुकड़ी ने गश्त जरूर की। लेकिन शनिवार को कहीं सुरक्षा बल तैनात नहीं है।
कस्बे की छवि पर बट्टा लगा गई घटना
दिवाली के दौरान दीप महोत्सव के जरिए नई सांस्कृतिक पहचान बनाने वाले खेतीखान कस्बे की छवि पर बट्टा लगा गई। उल्लेखनीय है कि खेतीखान कस्बे विगत डेढ़ दशक से दीप महोत्सव आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सांस्कृतिक के क्षेत्र में इस कस्बे और आसपास के गांवों को अलग पहचान दिला रहा है। शुक्रवार को हुई घटना क्षेत्र की छवि पर बट्टा जैसा लग गया है। लोगों का कहना है कि पहाड़ की शांत वादियों में खुलेआम गोली मारकर दो लोगों को मौत के घाट उतारने की घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों से भी उनका विश्वास डिग गया है।
बैंक में नहीं हुअा काम
दो कर्मियों की हत्या के बाद से पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की खेतीखान शाखा में शुक्रवार से कोई काम नहीं हो सका है। बैंक के शाखा प्रबंधक नरेश लाल इस कदर डरे-सहमे हैं कि वह खेतीखान शाखा में काम करने से इंकार कर चुके हैं। बैंक के महाप्रबंधक (जीएम) राम अवध का कहना है कि खेतीखान शाखा के लिए नए प्रबंधक भेजे जाएंगे और सोमवार से बैंक का कामकाज शुरू हो जाएगा। अब तक खेतीखान में तैनात रहे शाखा प्रबंधक नरेश लाल को किसी दूसरी शाखा में भेजा जाएगा। साथ ही कैशियर और चतुर्थ श्रेणी कर्मी की तैनाती भी अन्य शाखा से की जाएगी।