पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) की खेतीखान शाखा में हुए डबल मर्डर के हत्यारोपी ने पूरे होश ओ हवास में अंजाम दिया था। पुलिस सूत्रों की माने तो पूछताछ में उसने बताया कि दोनों की हत्या करने के बाद वह घर गया और वहां जाकर शराब पी। हत्या की वजह पूछे जाने पर उसने कहा कि बैंक कर्मी उसे परेशान करते थे। साथ ही ग्राहकों को कर्ज देने में कमीशन लेते थे, जिसका हिस्सा उसे नहीं देते थे। शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी दिनेश सिंह बोहरा को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
डीसीबी की खेतीखान स्थित शाखा में शुक्रवार को कैशियर ललित सिंह बिष्ट और बैंक कर्मी राजेंद्र वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले मानर गांव निवासी हत्यारोपी को शुक्रवार शाम को ही राजस्व पुलिस ने पकड़ लिया था। हत्यारोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त 312 बोर की बंदूक भी बरामद हो गई थी। जांच अधिकारी लोहाघाट के थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल ने हत्यारोपी को शनिवार को अपराह्न मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। सीजेएम धर्मेंद्र कुमार ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत से आरोपी को सीधे लोहाघाट के बंदीगृह में ले जाया गया।