पूर्व सैनिक कल्याण समिति की बैठक में वन रेंक वन पेंशन को शीघ्र जारी करने और विसंगतियों को दूर करने की मांग उठी। पूर्व सैनिक संगठन के उच्च पदाधिकारियों से संपर्क करने का निर्णय लिया। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने देश के अनाम शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी।
समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद की अध्यक्षता और पुष्कर कापड़ी के संचालन में हुई बैठक में कै. टीआर पांडेय ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों से संगठन की सदस्यता लेने की अपील की। बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के लिए संगठन को पुरजोर तरीके से काम करने को कहा गया। ईसीएचएस में महिला और पुरुष डॉक्टरों की नियुक्ति करने की मांग रखी गई।
चंपावत में अलग से ईसीएचएस केंद्र खोलने और चंपावत में मोबाइल कैंटीन संचालित करने पर समिति सदस्यों ने सहमति जताई। तय किया गया कि उम्रदराज शहीद और सैनिक विधवाओं के आवास पर पहुंचकर समिति पदाधिकारी उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। इस दौरान कै. जीएस नागरकोटी, बुद्धिबल्लभ पांडेय, कै. हरीश कापड़ी, लक्ष्मण चंद, शंकर दत्त पांडेय ने सुझाव रखे।