चंपावत। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन की जिला इकाई की बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को जिला स्तर पर तैनाती दिए जाने की मांग जोरों से उठाई गई।
मंगलवार को सीईओ कार्यालय सभागार में एसोसिएशन जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सौन की अध्यक्षता और महामंत्री जीवन चंद्र ओली के संचालन में हुई बैठक में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य लंबित मांगों के पूरा नहीं होने पर रोष जताया। कहा गया कि शासन स्तर पर जिन मांगों के लिए सहमति बनी है उन मांगों पर जल्द शासनादेश जारी किया जाए।
इसके अलावा एसीपी की पूर्व व्यवस्था लागू किए जाने, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को आहरण वितरण अधिकारी का प्रभार दिए जाने, कनिष्ठ सहायक का ग्रेड वेतन लेवल-3 से उच्चीकृत कर लेवल-5 किए जाने आदि की मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। यह भी तय किया गया कि मई माह के प्रथम सप्ताह से सघन सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में महेंद्र सिंह जीना, राजेंद्र पंत, आरएन पंत, धीरेंद्र भंडारी, दिनेश गोस्वामी, विकास वर्मा, विनीत कुमार, सोबन सिंह, विनोद कुमार, महेंद्र नाथ, महेश पांडेय, गिरीश राय आदि ने विचार रखे तथा शीघ्र लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
भर्ती की एसआईटी जांच के लिए प्रदर्शन
पिथौरागढ़। जिला सहकारी बैंक चतुर्थ श्रेणी भर्ती घोटाले की एसआईटी जांच कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जांच कमेटी और पिथौरागढ़ सहकारी बैंक के कर्मचारियों का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने सहकारी बैंक प्रबंधन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने भर्ती घोटाले की एसआईटी जांच नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक मयूख महर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर के नेतृत्व में जिला सहकारी बैंक पहुंचे। उन्होंने यहां जांच कमेटी का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सहकारी बैंक में चतुर्थ श्रेणी भर्ती में घोटाला हुआ है। लाखों रुपये लेकर सीटें बेची गई हैं। इस घोटाले की एसआईटी जांच होनी चाहिए। उन्होंने जांच कमेटी से सभी अभ्यर्थियों को बुलाकर उनसे पूछताछ करने की मांग की। नियुक्ति में पूर्व से कार्यरत कर्मियों को पहले वरीयता दी जाए। इस दौरान विधायक मयूख महर ने कहा कि भर्ती में बड़ा घोटाला हुआ है।
नियुक्तियों के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लिए गए हैं। जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा में पहुंच चुका है। अगर पूरे मामले की एसआईटी जांच नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर, सहकारिता ब्लॉक निदेशक होशियार लुंठी, महेंद्र लुंठी, हयात चंद, भुवन पांडेय, ललित बिष्ट, गौरव महर, शुभम बिष्ट, प्रदीप थापा, भुवन जोशी आदि रहे।