एनएसएस के उद्देश्यों को साकार करने के संकल्प के साथ दयानंद इंटर कालेज का सात दिनी एनएसएस शिविर संपन्न हो गया। इस दौरान स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने स्वयंसेवियों के अनुशासन की प्रशंसा की।
राप्रावि नायकगोठ में आयोजित शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवियों ने प्रात:कालीन सत्र में योगाभ्यास कर यज्ञ हवन किया। एनएसएस के जिला समन्वयक करम सिंह खाती की अध्यक्षता में हुए समापन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भ्रूण हत्या, नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता, प्राकृतिक आपदा से सुरक्षा, रक्तदान आदि के प्रति जागरूकता करने वाले नाटक और भाषण प्रस्तुत किए।
छात्र किशोर बिष्ट, अनिकेत ने हारमोनियम और तबला वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार ने शिविर के दौरान हुए जन जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में बताया। इस मौके पर नायकगोठ की प्रधान रेनू देवी, मोनी अरोरा, जेबी सिंह, सामश्रवा आर्य, वाजश्रवा आर्य, कृष्ण गोपाल महरोत्रा, अग्निवेश शास्त्री, गायत्रीकृपा आर्य, निर्मला, आदित्य उप्रेती आदि मौजूद थे।